Wednesday, June 22, 2022

राष्ट्रपति चुनावः विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा क्या उपयुक्त उम्मीदवार हैं ?






  21 जून को विपक्षी दलों ने राष्ट्रपति के चुनाव के लिए अपने साझा उम्मीदवार की घोषणा की। अपने उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को ‘अच्छा उम्मीदवार’ बताया। स्वयं यशवंत जी भी पिछले कुछ समय से लगातार ‘अच्छी-अच्छी बातें’ करते नजर आ रहे थे। वह भाजपा की मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों की जमकर आलोचना कर रहे थे। विपक्षी एकता आदि के लिए शरद पवार के साथ मिलकर कुछ बैठकें भी की थीं। ऐसी एक बहु-प्रचारित बैठक के आयोजन में प्रशांत किशोर की अहम भूमिका रही। लेकिन यशवंत जी के राजनीतिक जीवन का लंबा हिस्सा भारतीय जनता पार्टी में ही बीता है।                                   

राष्ट्रपति चुनाव में इस बार उनका मुकाबला झारखंड की पूर्व राज्यपाल और ओडिशा की वरिष्ठ भाजपा नेता द्रौपदी मुर्मू से होगा, जिन्हें सत्ताधारी पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। द्रौपदी जी ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक आदिवासी परिवार से आती हैं। सत्ताधारी भाजपा गठबंधन ने पिछली बार दलित समुदाय से आने वाले रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाया और जिताया। इस बार उसने आदिवासी समुदाय से आने वाली एक शिक्षित और सक्रिय महिला राजनीतिज्ञ को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा हाल के वर्षों में अपने अनेक फैसलों में पार्टी के चुनावी-हितों को सर्वोपरि रखती रही है। अपने ऐसे फैसलों से वह पार्टी और आरएसएस के वास्तविक उच्चवर्णीय हिन्दू वर्चस्व से आम लोगों का ध्यान हटाने में कामयाब होने की कोशिश भी करती है। सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के रास्ते को नजरंदाज कर कारपोरेट-प्रेरित निजीकरण-विनिवेशीकरण जैसी नीतियों पर चलने वाली भाजपा के राज में दलितों-आदिवासियों-ओबीसी के आरक्षण प्रावधानों का दायरा भी संकुचित हुआ है। आरक्षण के तहत भर्तियों में पहले के मुकाबले कमी आई है।                          
निजी क्षेत्र में आरक्षण की मांग को मोदी सरकार ने कभी मंजूर नहीं किया जबकि आज रोजगार का सृजन सरकारी क्षेत्र के मुकाबले निजी क्षेत्र में ही ज्यादा किया जा रहा है। पर ‘प्रतीकात्मक-प्रतिनिधित्व की     राजनीति’ करने में भाजपा का कोई जोड़ नहीं है। इसी सोच और रणनीति के तहत उसने पांच साल पहले रामनाथ कोविंद को राष्ट्रपति बनाया था। इस बार द्रौपदी मुर्मू को बना रही है। जिन दिनों मुर्मू जी राज्यपाल थीं, झारखंड में भाजपा की रघुवर दास सरकार ने वहां के आदिवासियों पर अनेक जुल्म किये। बड़े पैमाने पर युवाओं की संदेह के आधार पर गिरफ्तारियां हुईं। किशोर-वय के लोगों और बुजुर्गों को राजद्रोह तक के मामलों में फंसाया गया। पर मुर्मू जी ने कभी हस्तक्षेप नहीं किया। झामुमो गठबंधन की हेमंत सोरेन सरकार आने के बाद उन फर्जी मामलों को क्रमशः वापस लिया जाने लगा। झामुमो ने अपने घोषणापत्र में ही आदिवासियों पर थोपे गये फर्जी मामलों को वापस लेने का वादा किया था।             

जहां तक विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का सवाल है, कोई नहीं जानता कि किन ठोस कारणों से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया? क्या इसलिए कि विपक्षी खेमे को सुसंगत सेक्युलर और जनपक्षी सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि का कोई योग्य व्यक्ति नहीं मिला तो टीएमसी के दबाव में यशवंत सिन्हा का नाम आ गया? क्या वह वाकई संयुक्त विपक्ष की तरफ से ‘अच्छे उम्मीदवार’ माने जा सकते हैं, जैसा कुछ प्रमुख विपक्षी दल दावा कर रहे हैं? देश आज जिस तरह की बड़ी राजनीतिक और संवैधानिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसमें यशवंत जी क्या सुसंगत सेक्युलर सोच और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी असंदिग्ध प्रतिबद्धता का दावा कर सकते हैं? क्या वे विपक्षी खेमे और आम लोगों में किसी तरह का राजनीतिक उत्साह जगा सकते हैं ?        

संसदीय राजनीति में आने से पहले यशवंत सिन्हा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी रहे हैं। सन् 1984 में वह प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति में दाखिल हुए। नौकरशाह के रूप में उनकी अपेक्षाकृत बेहतर छवि थी। प्रतिभाशाली थे। अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर में वह पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर से जुड़े। सन् 1988 में उन्हें राज्यसभा के लिए चुना गया। सन् 1990-91 के दौरान वह कांग्रेस-समर्थित चंद्रशेखर की चार महीने की सरकार में देश के वित्त मंत्री भी रहे। बाद में कांग्रेस ने समर्थन वापस ले लिया तो सजपा की सरकार गिर गई। कुछ समय बाद वह भाजपा में आ गये और अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में सन् 1998 से 2002 के बीच वित्त मंत्री रहे। फिर 2002 से 2004 के बीच वह विदेश मंत्री भी रहे। सन् 2018 के अप्रैल महीने तक वह भारतीय जनता पार्टी में थे। फिर उनके आम आदमी पार्टी, कांग्रेस या जनता दल-यू में भी शामिल होने की अटकलें लगाई गईं। लेकिन मार्च, 2021 में वह ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये।       
  
बताया जाता है कि इसमें चर्चित चुनाव-रणनीतिकार प्रशांत किशोर की अहम् भूमिका थी। सिन्हा की तरह किशोर भी बिहार से आते हैं। यशवंत जी ने बाद के दिनों में बिहार की बजाय झारखंड को अपना कार्यक्षेत्र बनाया। हजारीबाग से वह कई बार सांसद चुने गये। इस समय उनके बेटे और पूर्व वित्त-राज्यमंत्री जयंत सिन्हा हजारीबाग से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं। जयंत ने 2014 और 2019 के संसदीय चुनावों में भाजपा के टिकट पर लड़कर चुनाव जीता। सन् 2018 में रामगढ़ के कुख्यात लिंचिंग मामले के दोषियों को फूल-माला देकर लड्डू खिलाते हुए उनकी तस्वीरें मीडिया में छायी रहीं। भाजपा छोड़ने से पहले यशवंत सिन्हा का भी कई बार सांप्रदायिक-तनाव के मामलों में नामोल्लेख हुआ। सन् 2017 के अप्रैल महीने में रामनवमी के दौरान एक प्रतिबंधित रूट पर जुलूस निकालने पर आमादा पूर्व केंद्रीय मंत्री को झारखंड पुलिस ने हजारीबाग में हिरासत में लिया। बड़कागांव के महूदी गांव के पास सांप्रदायिक तनाव फैल गया। यशवंत के साथ स्थानीय विधायक और भाजपा वह बजरंग दल के कई नेता-कार्यकर्ता भी हिरासत में लिये गये थे।              

झारखंड पुलिस ने उस मौके पर संवाददाताओं द्वारा पूछे जाने पर बताया कि पिछले कई दशकों से उक्त रूट पर कभी रामनवमी जुलूस नहीं निकलने दिया गया। सांप्रदायिक माहौल को दुरुस्त रखने के लिए ऐसा किया जाता रहा। इस बार भी उक्त रूट को जुलूस के लिए प्रतिबंधित किया गया। पर यशवंत सिन्हा जैसे वरिष्ठ नेता ने स्थानीय नेताओं और समर्थकों को लेकर यहां जुलूस निकालने की कोशिश की। इसलिए उन सबको हिरासत में लिया गया। वैसे भी उक्त इलाके में धारा 144 लागू थी। प्रशासन के लिए परेशानी पैदा करते हुए सिन्हा अपने समर्थकों के साथ वहीं धरना पर बैठ गये। उनके समर्थकों की तरफ से पत्थरबाजी भी हुई। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। उस मामले में सिन्हा को उनके तत्कालीन सहकर्मियों के साथ तब हिरासत में लिया गया।( इंडियन एक्सप्रेस में 5 अप्रैल, 2017 को छपी ‘रामनवमी इन हजारीबाग-बीजेपी लीडर्स लिडिंग प्रोसेसन डिटेन्ड’ शीर्षक रिपोर्ट पर आधारित)।      यशवंत सिन्हा अगर जनता के सामाजिक-आर्थिक-राजनीतिक मसलों पर किसी आंदोलन या अभियान के दौरान हिरासत में लिये गये होते तो उनकी उक्त गतिविधि पर औचित्य का सवाल उठाना सही नहीं होता। पर वह सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की एक नितांत निन्दनीय गतिविधि को अंजाम देते हुए हिरासत में लिये गये थे। इसलिए वह घटना उनके राजनीतिक करियर पर काले धब्बे की तरह है। खासतौर पर आज जब स्वयं सिन्हा और उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने वाले राजनीतिक दल उन्हें लिबरल और सेक्युलर राजनीतिज्ञ के रूप में पेश करने की हास्यास्पद कोशिश कर रहे हैं। हजारीबाग के ऐसे अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता बताई जाती रही। पर वे मामले बडकागांव कांड की तरह चर्चित नहीं हुए। यशवंत सिन्हा की जो छवि बीते कुछ सालों में मीडिया या सोशल मीडिया में उनके समर्थकों, खासकर अन्ना अभियान और आम आदमी पार्टी से पूर्व में जुड़े रहे कुछ सोशल एक्टिविस्ट, वकील और कुछ पत्रकारों ने बनाई, वह अब मोदी-शाह की भाजपा से उनकी निराशा के मौजूदा दौर में काम आ रही है। श्री सिन्हा जिन दिनों केंद्र में वरिष्ठ मंत्री थे, इन पंक्तियों का लेखक देश के एक प्रमुख हिन्दी अखबार के लिए संसद की गतिविधियों को ‘कवर’ करता था। उन दिनों पत्रकारों के बड़े हिस्से में उनकी छवि बेहद एरोगेंट मंत्री की थी। संभवतः निर्वाचित जन प्रतिनिधि और सरकार के वरिष्ठ मंत्री के उनके व्यक्तित्व पर नौकरशाही में बड़े पद पर उनके लंबे कार्यकाल की अतीत-छाया भी मंडराती रहती थी।   

 ध्यान देने की बात है कि य़शवंत जी ने भाजपा से सन् 2018 में अपने को अलग किया। सन् 2014 में मोदी-शाह की भाजपा का सत्तारोहण हो चुका था। यही नहीं, जिन दिनों उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी, अयोध्या की बाबरी मस्जिद ध्वस्त की जा चुकी थी। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की अगुवाई के दौर में कोई दूसरी भाजपा नहीं थी। उसका मूल विचार और भारत के बारे में दृष्टि वही थी, जो आज मोदी-शाह के दौर में है। फर्क सिर्फ क्रियान्वयन के तरीके और नेताओं के विचारों के प्रकटीकरण के रूप में है। इसके पीछे भी मूल कारण रहा-वाजपेयी-आडवाणी की भाजपा का संसद में अल्पमत में होना या सरकार चलाने के लिए अनेक गैर-भाजपा दलों पर निर्भर होना। इसलिए तब भाजपा ने ‘टैक्टिस’ के तौर पर अपना आज जैसा ‘उग्रतर हिन्दुत्ववादी-कारपोरेटवादी चेहरा’ नहीं दिखाया था। लेकिन तब भी वह एक उग्र हिन्दुत्ववादी और कारपोरेटवादी पार्टी थी। विनिवेश मंत्रालय उसी दौर में बना। कर्मचारियों की पेंशन पर उसी दौर में ‘हमला’ हुआ। आर्थिक सुधारों की लहर में उसी समय अनेक कल्याणकारी योजनाओं को बंद किया गया। कई प्रमुख सरकारी उपक्रमों का निजीकरण/विनिवेशीकरण हुआ।।                                     
 यशवंत जी उन दिनों उस पार्टी के वरिष्ठ नेता थे और पार्टी या संघ परिवार के हर संगठन की गतिविधियों या फैसलों का आमतौर पर समर्थन करते थे या कुछेक पर खामोश रह जाते थे। हां, ये बात सही है कि आरएसएस उन्हें भी जसवंत सिंह की तरह ‘बाहरी’ ही समझता था। अप्रैल, 2014 में यशवंत सिन्हा ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के तत्कालीन उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का गुजरात दंगों को लेकर जमकर बचाव किया था। उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप के ‘हेडलाइन्स टुडे’ से बातचीत में कहा कि नरेंद्र मोदी को गुजरात दंगे के लिए कत्तई माफी नहीं मांगना चाहिए। बेवजह 12 साल पुराने मामले को उभारा जाता है ताकि मोदी जी को ‘कार्नर’ किया जा सके।(हेडलाइन्स टुडे, इंद्रजीत कुंडू, 16 अप्रैल, 2014)। मजे की बात है कि उस समय तक भाजपा ने यशवंत जी के बेटे जयंत सिन्हा को हजारीबाग से टिकट देने का ऐलान कर दिया था। यशवंत सिन्हा के राजनीतिक अवसरवाद के ऐसे अनेक उदाहरण दिये जा सकते हैं।                                
 ऐसे यशवंत सिन्हा को भारत की संसदीय राजनीति में अपने को सेक्युलर और लोकतांत्रिक बताने वाला विपक्षी खेमा अगर राष्ट्रपति के लिए अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाता है तो इसे सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण कहने से काम नहीं चलेगा। संयुक्त विपक्ष का यह निहायत असंगत, अतार्किक और अ-दूरदर्शी फैसला है। जिन दलों ने एक समय केआर नारायणन जैसे बड़े विद्वान, कूटनीतिज्ञ, शिक्षाविद् और सेक्युलर चिंतक को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और जिताया, वे अगर आज यशवंत सिन्हा जी जैसे राजनीतिक अवसरवादी और असंगतियों से भरे महत्वाकांक्षी राजनीतिज्ञ को अपनी तरफ से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाकर आगे किये हुए हैं तो इसे बड़ी विडम्बना के अलावा और क्या कहा जा सकता है!                    
(उर्मिलेश वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं।) 

Tuesday, June 21, 2022

झारखंड की पहली महिला आदिवासी पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु NDA की राष्ट्रपति प्रत्याशी होंगी ।






नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए झारखंड की पहली महिला आदिवासी पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु NDA की प्रत्याशी होंगी व विपक्ष के प्रत्याशी पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा छोड़ टीमसी में गये यशवंत सिन्हा होंगे।

Saturday, June 4, 2022

2010 में ₹5 लाख से शुरु करके ₹800 करोड़ की संपत्ति: जानिए क्या है ‘यंग इंडियन’ से गाँधी परिवार का नाता, क्यों राहुल-सोनिया हैं ED के घेरे में ?


                                                                           नेशनल हेराल्ड (National Herald) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कॉन्ग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गाँधी (Sonia Gandhi) और उनके बेटे राहुल गाँधी (Rahul Gandhi) को तलब किया है। ईडी के अनुसार, गाँधी परिवार द्वारा नियंत्रित एनजीओ, जिसकी शुरुआत 2010 में केवल 5 लाख रुपए से हुई थी, अब उसकी संपत्ति 800 करोड़ रुपए से अधिक है। इस समय हेराल्ड हाउस के बाहर एक पासपोर्ट कार्यालय है।।         

यह कहानी 2008 में शुरू होती है, जब नेशनल हेराल्ड की प्रकाशक कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) लगभग बंद होने की कगार पर थी। यह वह समय था, जब AJL के मालिक कॉन्ग्रेस ने छपाई और प्रकाशन व्यवसाय को बंद कर दिल्ली, मुंबई, पंचकूला, लखनऊ और पटना के प्रमुख स्थानों पर मौजूद इसकी प्रॉपर्टी से कमाई का दूसरा विकल्प तलाशा। कंपनी ने अखबार छापना भी बंद कर दिया। कॉन्ग्रेस पार्टी ने इन शहरों के प्राइम लोकेशनों पर मौजूद इसकी प्रॉपर्टी को उस समय औने-पौने दामों में खरीदी थी, जब संबंधित राज्यों में उसकी सरकारें हुआ करती थीं।     

2010 के नवंबर में सोनिया गाँधी, ऑस्कर फर्नांडीज और गाँधी परिवार के कुछ अन्य करीबियों ने एक नई कंपनी ‘यंग इंडियन’ बनाई। जब यह कंपनी अस्तित्व में आई तो इसके पास सिर्फ 5 लाख रुपए की पूँजी थी। कुछ ही समय बाद कथित रूप से इसने कोलकाता स्थित एक शेल कंपनी से 1 करोड़ रुपए का लोन लिया, ताकि यह कॉन्ग्रेस पार्टी के साथ एजेएल और उसकी सभी संपत्तियों के अधिग्रहण के लिए लेन-देन कर सके। आज की तारीख में सोनिया गाँधी, उनके बेटे राहुल गाँधी और बेटी प्रियंका गाँधी यंग इंडियन कंपनी के सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। इसकी अब पूरे देश में 800 करोड़ रुपए की संपत्ति है। 2017 में आयकर विभाग ने यंग इंडियन द्वारा एजेएल के अधिग्रहण को चुनौती दी। आईटी विभाग के आरोपों को खँगालने के बाद सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी की आयकर रिटर्न की फाइल फिर सवालों के घेरे में आ गई थी।  

आयकर विभाग ने भी यंग इंडियन के द्वारा एसोसिटेड जर्नल लिमिटेड (एजेएल) की खरीद को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने आयकर विभाग के आरोपों की पुष्टि की थी और उसे सोनिया और राहुल गाँधी के आईटी रिटर्न खोलने की इजाजत भी दी थी, जिनके पास यंग इंडियन का अधिकांश शेयर है।  दरअसल, यंग इंडियन को सेक्शन 25 के तहत एक चैरिटेबल संस्था बनाई गई थी, जिसे टैक्स से छूट दी गई थी। गाँधी परिवार की कंपनी ने आयकर विभाग में इस छूट के लिए मार्च 2011 को आवेदन दिया था, जब केंद्र में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कॉन्ग्रेस की सरकार थी और 9 मई 2011 को बिना किसी दिक्कत के इसे मंजूरी भी दे दी गई। एक गैर-लाभकारी संस्था के रूप में पंजीकृत होने के बावजूद यंग इंडियन ने पब्लिशिंग हाउस होने की आड़ में संपत्तियों का अधिग्रहण करना शुरू कर दिया। इसे वर्ष 2010-11 में भी टैक्स में छूट प्राप्त हुआ। यंग इंडियन अपनी बेशकीमती संपत्तियों पर नियंत्रण के लिए संघर्ष कर रही है, जिसमें दिल्ली का हेराल्ड हाउस भी शामिल है। इसकी अनुमानित कीमत करोड़ों में है। आवास और शहरी विकास मंत्रालय ने इसकी लीज इस आधार पर रद्द कर दिया था कि अखबार छापने की जगह इसका इस्तेमाल वित्तीय फायदे के लिए किया जा रहा है, जो कि लीज के नियमों का उल्लंघन है।  गाँधी परिवार ने इस आदेश के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे खारिज किया जा चुका है। पंचकूला की प्रॉपर्टी भी पहले ही ईडी जब्त कर चुकी है। सोनिया और राहुल गाँधी को प्रवर्तन निदेशालय अधिकारियों के सामने कंपनी की इन्हीं के बारे में बताना है। बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित हेराल्ड हाउस, एजेएल द्वारा अधिग्रहित पहली संपत्तियों में से एक था। इमारत वर्तमान में भारत सरकार को किराए पर दी गई है, जो अपने परिसर में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र चलाती है। आवास और शहरी विकास मंत्रालय ने वर्तमान में सैकड़ों करोड़ की कीमत के आवंटन खंड के उल्लंघन का हवाला देते हुए अपनी लीज डीड रद्द कर दी है। संपत्ति के कब्जे को लेकर गाँधी परिवार पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगने के बाद 2019 में ईडी ने पंचकूला में एजेएल द्वारा अधिग्रहित 65 एकड़ जमीन पर कब्जा कर लिया। गाँधी परिवार के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला एजेएल के स्वामित्व वाली संपत्तियों के अधिग्रहण के बाद यंग इंडियन को ट्रांसफर किए जाने के बाद शुरू हुआ। ईडी ने जमीन की जानकारी का खुलासा करते हुए बताया कि प्लॉट नंबर सी-17, सेक्टर 6, पंचकूला को एजेएल को तत्कालीन हरियाणा के सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने 1982 में पहली बार आवंटित किया था। कंपनी द्वारा वाणिज्यिक हितों के लिए भूमि का उपयोग करते पाए जाने के 10 साल बाद आवंटन रद्द कर दिया गया था। हालाँकि, वही जमीन कंपनी को 2005 में महज 59.39 लाख रुपए में आवंटित की गई थी। इसी तरह मई 2020 में ईडी ने मुंबई के बांद्रा में एजेएल की संपत्ति को कुर्क किया, जिसमें एक 9 मंजिला इमारत भी शामिल है। इसकी कीमत 16.38 करोड़ रुपए है। ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से संबंधित कुर्की आदेश एजेएल और उसके चेयरमैन-सह-मैनेजिंग डायरेक्टर रहे मोती लाल वोरा के खिलाफ जारी किया गया था।

Thursday, June 2, 2022

कश्मीर में आतंकी हमले में मारा गया राजस्थान का लाल, दो माह पहले ही हुई थी शादी।


          

Nohar: हनुमानगढ़ जिले के भगवान गांव निवासी कश्मीर में बैंक मैनेजर विजय बेनीवाल की आज कश्मीर के कुलगांव में आतंकियों द्वारा हत्या करने से पूरे जिले में शोक की लहर है. जिले की नोहर तहसील के भगवान निवासी विजय बेनीवाल के पिता ओमप्रकाश अध्यापक हैं और विजय बेनीवाल की दो साल पहले कश्मीर में नौकरी लगी थी और विजय बेनीवाल की दो माह पहले ही शादी हुई थी. विजय की हत्या की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया।                       

बेटे की हत्या पर मृतक के पिता ओमप्रकाश का कहना है कि जिस तरह कश्मीर में बाहर के लोगों को टारगेट किया जा रहा है. उस तरह वहां काम करना आसान नहीं होगा और इसके लिए सरकार को कोई ठोस रणनीति बनानी चाहिए. सूचना मिलने पर नोहर पुलिस भी गांव पहुंची. वहीं, ग्रामीणों सहित जिले के नागरिकों ने विजय की हत्या पर आक्रोश और दुःख जताते हुए बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को रोकने और कर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग रखी है।।       

 गौरतलब है कि आतंकियों ने आज सुबह बैंक में घुसकर गोलियां चला दी, आतंकी हमले में गोली लगने से गंभीर घायल विजय बेनीवाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां विजय की मौत हो गई.विजय कुलगाम जिले के एलाकी देहाती बैंक (EDB) में मैनेजर पद पर कार्यरत थे. हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और अर्द्ध सैनिक बल की एक संयुक्त टीम ने आतंकियों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी. आतंकियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।।                    

नोहर थानाधिकारी रविंद्र सिंह नरुका ने बताया कि मृतक विजय बेनीवाल नोहर के गांव भगवान का रहने वाले है. विजय कश्मीर के एक बैंक ईडीबी में कार्यरत था. उसके पिता ओमप्रकाश सरकारी स्कूल में अध्यापक के पद पर तैनात है. मृतक विजय बेनीवाल की शादी इसी साल की 10 फरवरी को हुई थी।

Featured Post

जयसिंह मांठ के आतिथ्य में गुढा गौड़जी के टैगोर शिक्षण संस्थान में युवा दिवस सम्पन्न।

झुंझुनू, गुढा गौड़जी। राष्ट्रीय युवा दिवस पर पर टैगोर शिक्षणी संस्थान गुढ़ा गौड़जी में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष जयंसिंह मांठ के मुख्य...

Popular Posts